फतेहाबाद के नए बस स्टैंड परिसर में हैप्पी कार्ड लेने पहुंचे लाभार्थी।
फतेहाबाद। हैप्पी कार्ड योजना के लिए आवेदन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं रोडवेज के द्वारा पहले आए हुए कार्ड का वितरण जारी है। विधान सभा चुनाव संपन्न होने के बाद से प्रदेश में लगी आचार संहिता अब हट चुकी है।
आचार संहिता के दौरान वंचित रह चुके लाभार्थियों ने हैप्पी कार्ड को लेकर आवेदन किया था, आवेदन किए हुए हैप्पी कार्ड अब बनकर आने वाले है। बीपीएल परिवारों को एक हजार किलोमीटर निशुल्क सफर योजना का लाभ देने के लिए परिवहन विभाग ने जिले के 1 लाख 19 हजार लोगों को हैप्पी कार्ड जारी किए हैं। योजना का लाभ लेने के लिए अब भी बेवसाइट पर लगातार आवेदन आ रहे हैं।
रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि अभी लगभग 12 हजार कार्ड तैयार होकर आने हैं, जिसके बाद उनका वितरण किया जाएगा। आचार संहिता लागू होने से पहले जिले के फतेहाबाद व टोहाना डिपो पर 1 लाख 19 हजार हैप्पी कार्ड बनकर आए थे। लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड का वितरण लगातार जारी है। इसके अलावा रोडवेज ने टीम बनाकर गांवों में पहुंचकर हैप्पी कार्ड वितरित किए गए थे।
लगाए जा रहे विशेष शिविर
जिले में रोडवेज के पास अब तक कुल 1 लाख 19 हजार हैप्पी कार्ड पहुंच चुके हैं। रोडवेज के द्वारा बस स्टैंड व गांव स्तर पर विशेष शिविर के तहत कुल 98 हजार लाभार्थियों को कार्ड बांट चुके हैं। कर्मचारियों ने बताया कि 10 अगस्त के बाद से किसी भी लाभार्थी के हैप्पी कार्ड बनकर नहीं आए हैं। जिन लाभार्थियों के कार्ड नहीं आए हैं, उनके अब जल्द बनकर आएंगे। वहीं रोडवेज के पास बचे 21 हजार हैप्पी कार्ड को बांटने के लिए गांव स्तर पर फिर से शिविर लगाकर बांटे जाएंगे।