रतिया में दुकानदार से जानकारी लेते हुए पुलिसकर्मी।
- फोटो : Fatehabad
रतिया। टोहाना रोड पर सोमवार रात्रि करीब 8:00 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दुकानदार से 20 लाख की रंगदारी मांगी। दुकानदार ने मामले की सूचना शहर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कार्यकारी थाना प्रभारी राजवीर सिंह की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। फायर करने के बाद आरोपी घटनास्थल से भाग गए। आरोपियों ने दुकान के अंदर व बाहर फायरिंग भी की जिससे दुकान के शीशे टूट गए।
टोहाना रोड आजाद मार्केट के सामने टीएस इलेक्ट्रॉनिक के मालिक पुराना बाजार निवासी चंद्रसैन ने बताया कि उसका बेटा हन्नी बाजार में सामान लेने गया था। पीछे से वह और उसके दो कारिंदे सेवक और राम दुकान बंद कर रहे थे। तभी तीन नकाबपोश बदमाश आ गए। उन्होंने लड़के हन्नी के बारे में पूछा। धमकी दी कि हन्नी को कह देना कि 20 लाख की राशि का इंतजाम करके रखना, वरना अंजाम बुरा होगा। उनमें एक ने नाम अपना शहनाल निवासी सुखा बताया। तभी आरोपियों ने फायर किए, जिससे दुकान के शीशे भी टूट गए। बाहर निकलते हुए आरोपी फायरिंग कर भाग गए। उसने सूचना पुलिस को दी तभी पुलिस मौके पर पहुंची। उप पुलिस अधीक्षक शुक्रपाल सिंह व सीन ऑफ क्राइम की टीम भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और दुकान व आसपास लगे हुए सीसीटीवी कैमरे जांच कर पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू की। आसपास पुलिस स्टेशन में सूचना देकर नाकाबंदी करवा दी।
फरवरी माह में भी हुआ था दुकान मालिक और उसके बेटे पर हमला
दुकान के मालिक चंद्रसेन और उसके बेटे हन्नी ने बताया कि इसी वर्ष फरवरी माह में भी इसी समय उन पर दुकान बंद कर कर घर जाते हुए दुकान के आगे ही हमला हुआ था। अभी तक 8 महीने बीतने के बाद भी उक्त मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। इसके चलते बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि कुछ अन्य बदमाशों ने उन पर दोबारा हमला करके रंगदारी तक की मांग कर डाली। पीड़ित बाप बेटा ने बताया कि अगर पुलिस ने 2 दिन में आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया तो वह शहर वासियों के साथ मिलकर के साथ कड़े कदम उठाएंगे।
शहर थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि दुकानदार पर फायरिंग किए जाने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे। तीन युवकों द्वारा तीन फायर किए जाने की बात सामने आई है पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दुकानदार द्वारा युवकों की बताई गई पहचान के आधार पर 3 टीमों का गठन करके मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।