अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। अहेरी थोरी समाज को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल किए जाने की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 9 मई को जींद जिले के गांव सिंगवाल में अहेरी थोरी आरक्षण दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में प्रदेशभर से समाज के हजारों लोग शिरकत करेंगे। समारोह को लेकर समाज के वरिष्ठ नेताओं ने आज फतेहाबाद शहर व जिले के अनेक गांवों का दौरा किया । अहेरी थोरी समाज के युवा नेता सोनू सिंगवालिया ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भाग लेंगे वहीं अध्यक्षता हरिओम नायक सिंगवालिया करेंगे। समारोह में महाराष्ट्र से सांसद हरि बाऊ राठौड भी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि समारोह को लेकर हरिओम नायक के नेतृत्व में टीम ने फतेहाबाद शहर के अलावा भट्टू, पीलीमंदौरी, ढाणी छतरियां, नागपुर, अजीत नगर, अलीका, रत्ताखेड़ा, रायपुर ढाणी आदि का दौरा कर समाज के लोगों को समारोह में भाग लेने का न्यौता दिया।