जाखल। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से खंड के चार डिपो धारकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिसमें विभाग ने डिपो धारकों से बाजरे की सप्लाई से पहले ही उपभोक्ताओं को बाजरे की डिलीवरी के नाम पर निकली रसीद के बारे में जानकारी देने के लिए कहा गया है। वहीं डिपो धारक अब इसका ज्वाब देने की तैयारी में लगे हैं। खाद्य आपूर्ति निरीक्षक बलबीर ने बताया कि जाखल गांव, साधनवास, करंडी व जाखल मंडी के डिपो संचालक ने 13 व 14 नवम्बर को राशन धारको को बॉयोमैट्रिक मशीन में वितरण करता दिखाया है जबकि विभागीय रिकार्ड में उपभोक्ताओं को यही राशन वितरण करने के लिए 15 नवंबर को डिपुओं पर उपलब्ध कराया गया था। ऐसे में डिपो धारकों द्वारा इस मामले में गड़बड़ी किए जाने का संकेत दिखाई दे रहा है। इस मामले को लेकर चार डिपोधारकों से जवाब तलब किया गया है। खाद्य आपूर्ति निरीक्षक ने कहा कि उपरोक्त डिपो संचालकों ने ऐसा कर उपभोक्ताओं को भम्रित ही नहीं किया बल्कि उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन व विभाग के नियमों से भी खिलवाड़ किया है। उन्होंने बताया कि जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक को उपरोक्त डिपोधारको के खिलाफ कार्रवाई अमल लाने के लिए रिर्पोट भेज दी गई है।