छुट्टी के दिन भी बूथों पर बनवाए गए वोट
फतेहाबाद। निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार 23 व 24 फरवरी को जिला के सभी बीएलओ ने अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहकर उन पात्र व्यक्तियों से नए वोट बनवाने के लिए फार्म-6 भरवाए, जो पहले किसी कारणवश अभी तक अपने वोट नहीं बनवा पाए थे। इसके साथ ही मृतकों के वोट कटवाने के लिए फार्म-7 व विवरणों में अशुद्धि ठीक करवाने के लिए मतदाताओं ने फार्म-8 भरकर बीएलओ के पास जमा करवाए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने 23 व 24 फरवरी को विशेष अभियान चलाते हुए मतदाता सूचियों के आधार पर सूची में शामिल होने से रह गए व्यक्तियों के वोट बनवाने तथा मृतकों के वोट काटने के लिए जिला के सभी बीएलओ को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर कार्य करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में बीएलओ ने अपने बूथों पर रहकर मतदाता सूचियों से संबंधित दावे व आपत्तियां स्वीकार कीं।