फतेहाबाद। प्रदेश के सभी दस बीजेपी सांसद शनिवार को दिल्ली में होंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश के चुने सभी दसों सांसदों को हरियाणा निवास में लंच देंगे। इसके बाद सभी सांसद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद भवन में मुलाकात करेंगे। सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल ने इसकी पुष्टि की है। दुग्गल शुक्रवार शाम ही दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी हैं। सांसद सुनीता दुग्गल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए वो काफी उत्साहित हैं और उन्हें उम्मीद है कि पीएम मोदी उन्हें बतौर सांसद बेहतर काम करने के लिए आवश्यक टिप्स अवश्य देंगे। उन्होंने बताया कि सांसद पद की शपथ के लिए अभी औपचारिक निमंत्रण संसद भवन प्रशासन से मिला नहीं है, लेकिन संभावना है कि इस माह के अंत तक संसद भवन में बतौर सांसद पद की शपथ ग्रहण समारोह आयोजित कर लिया जाएगा।