फतेहाबाद। डीपीआरसी हॉल में आयोजित रोजगार मेले में जानकारी लेते हुए विधायक दुड़ाराम।
फतेहाबाद। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा बुधवार को डीपीआरसी हॉल में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का शुभारंभ विधायक दुड़ाराम ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर विधायक दुड़ाराम ने एक प्रार्थी को ऑफर लेटर भी दिया। इस मेले में 17 कंपनियों ने भाग लिया। मेले में सिक्योरिटी गार्ड, ब्रांच मैनेजर, डेवलेपमेंट मैनेजर, सेल्स मैनेजर, ट्रेनी अप्रैंटिस, अध्यापक, ड्राइवर, हेल्थ एडवाइजर, कम्पयूटर ऑपरेटर, कैशियर आदि पदों की भर्ती हेतू 948 प्रार्थियों ने विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन तथा 222 प्रार्थियों ने ऑफलाइन आवेदन किए थे। कंपनियों द्वारा साक्षात्कार लेने के बाद 150 प्रार्थियों को जॉब ऑफर किया गया।
इस मौके पर विधायक दुड़ाराम ने कंपनियों द्वारा चयनित किए युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि जिला रोजगार कार्यालय के द्वारा इस मेले का आयोजन किया गया है जोकि एक सराहनीय कार्य है। जिसमें स्थानीय कंपनियों के साथ-साथ एनसीआर क्षेत्र से भी कंपनियों को बुलाकर बेरोजगार प्रार्थियों को रोजगार दिलवाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर जिला रोजगार अधिकारी डॉ. राजेश दूहन ने बताया कि बेरोजगार प्रार्थियों के लिए इस तरह के मेलों का आयोजन रोजगार कार्यालय द्वारा समय-समय पर करवाया जाता है। इस अवसर पर सहायक रोजगार अधिकारी फतेहाबाद धर्मेन्द्र मलिक, सहायक रोजगार अधिकारी रतिया दिनेश जांगड़ा, उप- अधीक्षक लीलाधर व समस्त स्टाफ मौजूद रहे।