अप्रेंटिस के लिए आवेदक 15 तक कर सकते हैं आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। उपायुक्त एवं जिला शिक्षुता कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जेके आभीर की अध्यक्षता में नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम (एनएपीएस) के तहत एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम के अंतर्गत विभिन्न विभागों में रखे जाने वाले अप्रेंटिस के बारे में विचार विमर्श हुआ। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों में कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी किए गए वर्ष 2019 के प्रथम शेड्यूल के अनुसार नए अप्रेंटिस लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी सभी विभागाध्यक्ष अपने कार्यालयों में कार्यरत कुल स्टाफ का दस प्रतिशत अप्रेंटिस लगाए। उपायुक्त ने कहा कि अप्रेंटिस लगाने के संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भोडिया खेड़ा में स्थित अप्रेंटिस एवं प्लेसमेंट ऑफिसर एसआर चोपड़ा से संपर्क कर सकते हैं। इस मौके पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भोडिया खेड़ा के प्रधानाचार्य एवं सहायक शिक्षुता सलाहाकार बृजपाल बैनीवाल ने वर्ष 2019 के प्रथम शेड्यूल के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 15 फरवरी तक ऑनलाइन माध्यम से उम्मीदवारों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। 22 फरवरी शिक्षुता पोर्टल पर चयन व अनुबंधन बांड की प्रक्रिया की जाएगी। इसके बाद संबंधित विभाग द्वारा 26 फरवरी तक अप्रेंटिस को कार्य ग्रहण करवाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से अनुरोध किया है कि वे शीघ्र अप्रेंटिस की रिक्त सीटों को पोर्टल पर दर्शाए ताकि आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकें।