अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। दीपावली पर्व पर संभावित दुर्घटनाओं के मद्देनजर उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने फतेहाबाद, टोहाना, रतिया, भूना तथा भट्टू कलां के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए है। ये ड्यूटी मजिस्ट्रेट 5 से 7 नवंबर तक अपने-अपने क्षेत्रों में ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। उपायुक्त डॉ जेके आभीर ने बताया कि दीपावली पर्व के अवसर पर तंग बाजारों तथा कस्बों में आतिशबाजी से आग फैलने जैसी घटनाओं से मानवीय जीवन व संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार फतेहाबाद को नगर परिषद फतेहाबाद के क्षेत्र के लिए, नायब तहसीलदार टोहाना को नगर परिषद टोहाना के क्षेत्र के लिए, तहसीलदार रतिया को नगरपालिका रतिया क्षेत्र के लिए, नायब तहसीलदार भूना को भूना कस्बे तथा नायब तहसीलदार भट्टू कलां को भट्टू कस्बे के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। फतेहाबाद, रतिया व टोहाना उपमंडल के एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों के लिए ओवर ऑल ड्यूटी मजिस्ट्रेट होंगे।