अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। एनपीएस को बंद करवाने तथा पुरानी पेंशन नीति को बहाल करवाने के लिए व शिक्षा विभाग में लगे गेस्ट टीचरों व तमाम तरह के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करवाने सहित अध्यापकों की अनेक मांगों को हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ एसटीएफआई के उड़ीसा के पुरी में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में जोर-शोर से उठाएगा। इस सम्मेलन में हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ एक प्रतिनिधिमंडल भी भाग ले रहा है। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिलाध्यक्ष सुरजीत दुसाद व फतेहाबाद सचिव सुमेर आर्य ने बताया कि स्कूल टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का राष्ट्रीय सम्मेलन 4 से 6 मई तक उड़ीसा के पुरी में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में प्रदेश के 33 डेलीगेट भाग लेने जा रहे हैं। इस डेलीगेट में फतेहाबाद से एसटीएफ आई के महासचिव सीएन भारती, राजेन्द्र प्रसाद बाटू, धर्मेन्द्र ढांडा, जिला सचिव कृष्ण नैन, जिला प्रधान सुजीत दुसाद व राजपाल मिताथल जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में सभी राज्यों के अध्यापक डेलीगेट साथी भाग ले रहे हैं।