नीतियों पर विश्वास करने के लिए किसानों का धन्यवाद: फूलां
फतेहाबाद। किसान जमावड़ा कार्यक्रम में जिले से हजारों की संख्या में पहुंचे किसानों का भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फूलां ने तहेदिल से आभार व्यक्त किया है। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जिलाध्यक्ष वेद फूलां ने कहा कि किसान जमावड़ा में जिस तरह से किसानों ने उपस्थिति दर्ज करवाई, इससे साबित होता है कि विपक्षी पार्टियों की दुकानें बंद हो गई हैं। किसानों को भाजपा की नीतियों में विश्वास था, और वे इसी विश्वास को लेकर किसान जमावड़ा कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इनेलो के पास किसी भी तरह का कोई मुद्दा नही है, वे खाली बैठे सिर्फ किसानों और आमजन को बरगलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार में हरियाणा के मुखिया रहे भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज भाजपा पर निशाना साध रहे हैं, उन्हें अपने अंदर झांकना चाहिए कि उन्होंने प्रदेश की जनता के साथ क्या किया है। फूलां ने इनेलो के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि अब इनेलो को हरियाणा की जनता की याद आ रही है। उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर था और गुंडागर्दी के कारण लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया था।