बिजली कर्मचारियों से मारपीट की निंदा, कार्रवाई की मांग
यूनियन ने ठोस कार्रवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
ऑल हरियाणा पॉवर कार्पोरेशन वर्कर यूनियन यूनिट फतेहाबाद की आपात बैठक आज यूनियन कार्यालय में हुई। बैठक में यूनिट प्रधान अमित शर्मा, यूनिट सचिव प्रदीप यादव, वरिष्ठ उपप्रधान पवन कड़वा, वित्त सचिव हरिकिशन कम्बोज, सर्व कर्मचारी संघ के जिलाज प्रधान भूप सिंह भड़ोलांवाली व राज्य सचिव अजय वशिष्ठ ने भाग लिया। बिजली कर्मचारियों व अधिकारी पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की गई और फैसला लिया गया कि अगर प्रशासन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में ढील बरतता है तो यूनियन तीखा आंदोलन करेगी। यूनियन ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ ठोस से ठोस कार्यवाही की जाए अन्यथा यूनियन इसका कड़ा विरोध करेगी और आंदोलन पर मजबूर होगी। इससे होने वाली औद्योगिक अशांति व जनता को होने वाली परेशानी के लिए प्रशासन जिम्मेवार होगा।