अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। रविवार को फतेहाबाद में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन को लेकर जारी प्रशासनिक तैयारियों के बीच स्थानीय भोडियाखेड़ा स्टेडियम में वायुसेना के हेलीकाप्टर की लैंडिंग के बाद सुरक्षा में एक बड़ी चूक सामने आई है। शुक्रवार सुबह हेलीकाप्टर की लैंडिंग के बाद साथ लगती आईटीआई के काफी बच्चे स्टेडियम की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और हेलीकाप्टर के काफी करीब पहुंच गए। हालांकि समय रहते स्टेडियम में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बच्चों को चॉपर के पास जाते देख लिया और विद्यार्थियों को वापिस खदेड़ दिया गया। रविवार को इसी जगह पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हवाई बेड़े के तीनों हेलीकाप्टर्स उतरने हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर ये एक बड़ी चूक मानी जा रही है। हालांकि एसपी दीपक सहारण ने इसे चूक मानने से ये कहते हुए इंकार कर दिया कि अधिकारियों की गाड़ियों की पार्किंग के लिए आईटीआई की दीवार तोड़ी गई है, इसके चलते बच्चे अंदर आ गए। रविवार को बच्चों का अवकाश है और शनिवार से ही सुरक्षा एजेंसियां ये सारा परिसर अपने कब्जे में ले लेंगी। इसके बाद इस परिसर में सामान्य नागरिक का आना फिलहाल वर्जित हो जाएगा।