फरीदाबाद। शहर के लोगों ने अपने खून-पसीने की कमाई से जो टैक्स दिया उसकी बर्बादी की जांच भी निगम प्रशासन नहीं करवाना चाहता। सीमेंटेड सड़कों के टूटने व दरार आने के मामले की जांच आगे बढ़ती नहीं दिख रही है। छह माह से लटकी जांच में कार्रवाई के लिए बुधवार की तारीख तय की गई थी। लेकिन संयुक्त आयुक्त के मौजूद न होने के कारण एक बार फिर जांच लटक गई। पिछले छह माह से परेशान शिकायतकर्ता ने अब नगर निगम के खिलाफ ग्रिवेंस कमेटी के पास जाने का निर्णय लिया है, ताकि रिपोर्ट सीधे सरकार को जाए। नगर निगम क्षेत्र में बनी आरएमसी (रेडिमिक्स कांक्रीट) सड़कों के टूटने के मामले की जांच निगम ने विजिलेंस कमेटी को सौंपी थी। लेकिन कमेटी के चेयरमैन व पार्षद ओम प्रकाश रक्षवाल गत 30 अप्रैल को ही लिखित में दे चुके हैं कि उनके पास एक भी कर्मचारी नहीं हैं। ऐसे में वह जांच कैसे करेंगे। बुधवार को विजिलेंस कमेटी चेयरमैन ओमप्रकाश रक्षवाल और शिकायतकर्ता रविंद्र चावला करीब एक घंटे तक संयुक्त आयुक्त का इंतजार करते रहे। रक्षवाल का कहना है कि नगर निगम अधिकारी शिकायतकर्ता को तारीखें दे कर उलझाना चाहते हैं, जबकि निगम के पास खुद की विजिलेंस कमेटी के एसडीओ श्याम सिंह मौजूद हैं। निगम अधिकारी उनसे जांच करा सकते हैं। शिकायतकर्ता रविंद्र चावला ने बताया कि उन्हें अब नगर निगम के अधिकारियों पर विश्वास नहीं रहा। इसलिए वे अब ग्रिवेंस कमेटी में शिकायत करेंगे।