हरियाणा में अब प्रदेशभर के प्राइवेट स्कूलों की नई जिम्मेदारी बढ़ेगी और वे बोर्ड के प्रति भी सीधे जवाबदेह होंगे। इसके लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन अब नए संकल्प के साथ नए साल में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बेहतर कदम उठाने जा रहा है। अब ग्रामीण क्षेत्र के प्राइवेट स्कूलों में दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
वहीं, बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन केंद्र भी प्राइवेट स्कूलों में बनेगा। अब तक शिक्षा बोर्ड प्रशासन केवल सरकारी विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाता आ रहा है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से प्रदेश भर में करीब सात हजार प्राइवेट स्कूल संबद्धता प्राप्त हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने इसी शिक्षा सत्र की वार्षिक परीक्षाओं में सरकारी विद्यालयों के साथ प्राइवेट विद्यालयों में भी परीक्षा केंद्र बनाने का संकल्प लिया है। इसके लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने उन प्राइवेट स्कूलों से भी आवेदन मांगे हैं, जो कि अपने विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनवाना चाहते हैं।
इनके लिए शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने नियम व शर्तें भी निर्धारित की हैं। इन शर्तों को पूरा करने वाले निजी स्कूल निर्धारित शुल्क के साथ अपने स्कूल को बोर्ड का परीक्षा केंद्र बनवा सकते हैं, जिसमें इसी सत्र की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं भी कराई जाएंगी।
इतना ही नहीं जिन निजी स्कूलों को बोर्ड परीक्षा का केंद्र बनाया जाएगा, उनके अंदर निजी विद्यालयों का स्टाफ भी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेगा। इसकी एक वजह यह भी मानी जा रही है कि प्रदेश में सरकारी स्कूलों के मुकाबले प्राइवेट स्कूलों के पास बेहतर संसाधन मौजूद हैं।
इनका इस्तेमाल करते हुए अब हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू कराने के साथ बोर्ड परीक्षा और उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन के कार्य को और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में नया कदम उठाने जा रहा है।
पिछले साल प्रदेश में बने थे 1547 परीक्षा केंद्र
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की पिछले साल मार्च 2022 की दसवीं और बारहवीं की परीक्षा के लिए 1547 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। इसमें सेकेंडरी की परीक्षा में तीन लाख 78 हजार 518 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे, जबकि सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा में दो लाख 90 हजार 294 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इस तरह हर साल शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में करीब छह लाख से अधिक परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षाओं में प्रविष्ट हो रहे हैं।
प्रदेश में हरियाणा और सीबीएसई से जुड़े स्कूलों की स्थिति
विश्व में सीबीएसई के करीब 28 हजार विद्यालय हैं, जिनमें करीब तीन हजार केंद्रीय विद्यालय शामिल हैं। वहीं, हरियाणा में सीबीएसई के दो हजार स्कूल हैं। इसी तरह हरियाणा में करीब सात हजार निजी स्कूल हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबद्धता प्राप्त हैं। इन प्राइवेट स्कूलों में सरकारी विद्यालयों के मुकाबले काफी बेहतर ढांचागत सुविधाएं मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल शिक्षा बोर्ड प्रशासन वार्षिक परीक्षाएं कराने और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराने में करेगा। वहीं, प्राइवेट स्कूलों के पास बेहतर शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक स्टाफ भी है, जिसका इस्तेमाल भी बोर्ड प्रशासन द्वारा किया जाएगा। इससे ये निजी स्कूल भी शिक्षा बोर्ड के प्रति सीधे जवाबदेह बनेंगे और इन्हें भी नई जिम्मेदारी का अहसास होगा।
अब प्राइवेट स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे और मूल्यांकन प्रणाली में भी नई जिम्मेदारी दी जाएगी। सीबीएसई की तर्ज पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के प्राइवेट स्कूलों को इसमें शामिल किया जाएगा। अब तक सरकारी स्कूलों में ही मूल्यांकन सेंटर बनते आ रहे हैं, अब प्राइवेट स्कूलों की भी भागीदारी बढ़ेगी। इससे और बेहतर नतीजे सामने आएंगे। प्राइवेट स्कूलों में सेंटर बनाने के लिए भी बोर्ड के समक्ष काफी आवेदन आए हैं।
- डॉ. वेदप्रकाश यादव, अध्यक्ष हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी।