हरियाणा-पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली एनसीआर में रात 10:17 पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप विज्ञान के राष्ट्रीय केंद्र की वेबसाइट के अनुसार भूकंप का केंद्र हिंदू कुश क्षेत्र रहा। जिसकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.6 आंकी गई। भूकंप के झटके महसूस कर लोग घरों से निकल आए।
हरियाणा के भी सभी जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए
अंबाला, कुरुक्षेत्र, रोहतक, पानीपत, सिरसा, करनला, झज्जर बहादुरगढ़, जींद, नारनौल-महेंद्रगढ़, भिवानी, हिसार, नूंह, गुरुग्राम, पलवल, पंचकूला, फरीदाबाद, फतेहाबाद, यमुनानगर, कैथल, चरखी दादरी, सोनीपत, रेवाड़ी सभी जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए।
पंजाब में भूकंप के झटकों से सहमे लोग, घरों से बाहर निकले
मुक्तसर में घरों से निकले लोग।
पंजाब के अमृतसर, मोहाली, रोपड़, पटियाला, बठिंडा, लुधियाना, मुक्तसर, अबोहर, पठानकोट, नवांशहर, तरनतारन, फरीदकोट, कपूरथला सहित पंजाब के सभी क्षेत्रों में भूकंप के झटके मसूस किए गए। भूकंप की आहट होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। इसके अलावा चंडीगढ़ में भी भूकंप के तेज झटके महसूस हुए।
जींद में मकान में आई दरार
हरियाणा के जींद में भिवानी रोड बाईपास कॉलोनी में वेदप्रकाश के मकान में भूकंप से दरार आ गई। इसके अलावा भी शहर में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।
भूकंप महसूस होते ही सोशल मीडिया पर बना चर्चा का विषय
जैसे ही लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए, लोगों ने अपने परिचितों को सोशल मीडिया पर मैसेज भेजने शुरू कर दिए। लोगों ने एक दूसरे से फोन पर भी स्थिति जानी। कईं लोगों ने तुरंत सोशल मीडिया पर अपडेट डालना शुरू कर दिया।
बहादुरगढ़ में भी महसूस हुआ भूकंप का झटके
बहादुरगढ़ शहर में मंगलवार रात को भूकंप का झटके महसूस किया गया। भूकंप के तुरंत बाद लोग घरों में और सोशल मीडिया में इसकी चर्चा करने लगे। लेकिन कहीं से जान माल का नुकसान होने की जानकारी नहीं है।
आर्यनगर निवासी सुधांशु ने बताया कि लगभग सवा दस बजे वह घर में बेड पर लेटे हुए थे कि उन्हें भूकंप जैसी हलचल महसूस हुई। अग्रवाल कॉलोनी निवासी ललित कुमार ने बताया कि वह अपने कमरे सोफे पर बैठ टीवी देख रहा था कि उसे ऐसा लगा कि उसके सोफे को उनके किसी भाई ने हिलाया है। जटवाडा मोहल्ला के गुरदेव राठी और आर्यनगर के योगेश कुमार ने भी भूकंप आने की बात कही।