हरियाणा के जिला फतेहाबाद की ठाकर बस्ती में डेंगू पीड़ित बच्चा मिलने के 24 घंटाें के भीतर दो और नए मरीज मिले हैं।
दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकाें ने रक्त के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजा है।
गांव हरिपुरा निवासी सीताराम (17) को पिछले करीब 10 दिन से तेज बुखार आ रहा है। सीताराम गांव हिजरावां के स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र है।
कई दिनों से बुखार न टूटने पर सीताराम को परिजनाें ने फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सक दलीप तंवर ने सीताराम की जांच की तो प्राथमिक तौर पर उसमें डेंगू के लक्षण मिले।
सीताराम के रक्त के सैंपल लेकर अग्रोहा मेडिकल कालेज की प्रयोगशाला में भेजे हैं।
सिविल अस्पताल से सटी कबीर बस्ती में भी 14 वर्षीय परवीन में डेंगू के लक्षण मिले हैं।
प्रवीन को भी पिछले कई दिनाें से तेज बुखार है। परवीन आठवीं कक्षा का छात्र है।
डा. दलीप तंवर ने बताया कि दोनाें बच्चाें के सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
रिपोर्ट आने के बाद ही डेंगू का पता चल पाएगा। मालूम हो कि एक दिन पूर्व भी ठाकर बस्ती में एक डेंगू पीड़ित मिला था।