हरियाणा के जींद में एक दलित लड़की से बलात्कार के बाद हत्या का मामला सामने आया है। परीक्षा देने घर से निकली दलित छात्रा का अगली सुबह शव मिलने की घटना से गुस्साए लोगों ने रविवार को जींद में जमकर बवाल काटा।
छात्रा की हत्या से गुस्साए परिजनों ने शव रखकर जींद-गोहाना रोड जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों की भीड़ ने पथराव कर रोडवेज की करीब 40 बसों के शीशे तोड़ डाले।
भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिससे लोग और भड़क गए और लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए दलित समुदाय ने मृतक छात्रा का शव लेने से इंकार कर दिया।
किनाना के एक इंस्टीट्यूट में जेबीटी कंपार्टमेंट की परीक्षा देने के लिए बनियाखेड़ा निवासी छात्रा शनिवार को घर से निकली थी। दोपहर बाद छात्रा के कुछ कागजात अमरहेड़ी गांव के पास एक व्यक्ति को मिले।
उसने शाम को छात्रा के घर कागजात पहुंचा दिए लेकिन छात्रा के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। रविवार सुबह पुलिस ने छात्रा के परिजनों को सूचना दी कि एक लड़की का शव अमरहेड़ी गांव के पास मिला है।
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। परिजन शव लेकर जींद पहुंचे और बस स्टैंड के पास जींद-गोहाना रोड पर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते सड़क जाम कर दी।
भीड़ जब बस स्टैंड के करीब स्थित रोडवेज वर्कशॉप की तरफ बढ़ने लगी तो वर्कशॉप कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान दलितों और रोडवेजकर्मियों के बीच करीब 15 मिनट तक जमकर पत्थरबाजी हुई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और गुस्साई भीड़ पर लाठीचार्ज कर लोगों को खदेड़ा।
लाठीचार्ज के बाद भीड़ तितर-बितर हो गई और जाम खोल दिया गया। इस दौरान साढ़े चार घंटे तक बस स्टैंड से आवाजाही बंद रही। पुलिस ने मृतक छात्रा का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया।
छात्रा के परिजनों ने यह कहते हुए शव लेने से इंकार कर दिया कि पहले लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। दोपहर बाद दलितों को मनाने के लिए कार्यकारी नगराधीश सीआर शर्मा अस्पताल पहुंचे और उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद देर शाम तक विवाद जारी रहा और परिजनों ने शव नहीं लिया।
जेबीटी छात्रा की हत्या के मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या और दुराचार का मामला दर्ज कर लिया गया। अगली कार्रवाई के लिए जांच चल रही है।
-आदर्शदीप सिंह, डीएसपी