नगराधीश अश्विनी मैंगी ने हरियाणा के जिला फतेहाबाद के उपमंडल टोहाना के बलियावाला रोड स्थित एक राइस मिल पर शुक्रवार को छापा मारकर स्टॉक और रिकॉर्ड की जांच की।
राइस मिल में नगराधीश को कई अनियमितताएं मिली हैं। उन्होंने मिल पर 15120 रुपये मार्केट फीस और 5760 रुपये का जुर्माना किया।
सीटीएम ने उपायुक्त डॉ. साकेत कुमार के निर्देश पर टोहाना के बलियावाला रोड स्थित ज्योति राइस मिल पर छापा मारकर रेंडम चेकिंग करवाई।
मिल में उपलब्ध खुले धान को बोरियों में भरवाकर उसका वजन करवाया गया, जिसमें कुल 30 हजार क्विंटल माल पाया गया।
जांच में पाया गया कि मिल ने मार्केट फीस चोरी करके 280 क्विंटल माल सीधा किसानों से खरीदा था, जिसकी मार्केट फीस आदि नहीं चुकाई गई थी।
इस पर सीटीएम ने मिल पर 280 क्विंटल माल की मार्केट फीस के रूप में 7560 रुपये और 3780 रुपये जुर्माना लगाया।
इसके अलावा मिल पर एचआरडीएफ फंड के रूप में 7560 रुपये और 1890 रुपये जुर्माना लगाया गया।
इस मौके पर मार्केट कमेटी सचिव मनोहर भारती और मंडी सुपरवाइजर बलवान सिंह सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।