कंकाल गांव दबकौरी में कम्युनिटी सेंटर के नजदीक और एक दवाई फैक्ट्री के ठीक सामने संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। आज सुबह वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति की नजर इस कंकाल पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत इसकी सूचना रामगढ़ पुलिस को दी।
पंचकूला नगर निगम के वार्ड नंबर 20 के तहत आने वाले गांव दबकौरी में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां एक अज्ञात व्यक्ति का कंकाल बरामद हुआ। कंकाल मिलने की खबर से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन
कहां मिला कंकाल
जानकारी के अनुसार, कंकाल गांव दबकौरी में कम्युनिटी सेंटर के नजदीक और एक दवाई फैक्ट्री के ठीक सामने संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। आज सुबह वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति की नजर इस कंकाल पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत इसकी सूचना रामगढ़ पुलिस को दी।
क्राइम टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस और 'सीन ऑफ क्राइम' की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक और क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और मौके से फिंगरप्रिंट व अन्य जरूरी साक्ष्य (सबूत) इकट्ठा किए।
विज्ञापन
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया नागरिक अस्पताल
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अज्ञात कंकाल को कब्जे में ले लिया है। मौत के असल कारणों और मृतक की पहचान का पता लगाने के लिए कंकाल को सेक्टर 6 स्थित पंचकूला नागरिक अस्पताल भिजवा दिया गया है, जहां उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
इस मामले पर जानकारी देते हुए रामगढ़ पुलिस चौकी के इंचार्ज तेजेंद्र सिंह ने बताया कि आज सुबह एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा कंकाल मिलने की सूचना दी गई थी। कंकाल की हालत देखकर यह साफ प्रतीत होता है कि यह शव काफी दिन पुराना है और पूरी तरह गल-सड़ कर कंकाल में तब्दील हो चुका है। पुलिस अब आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।