हरियाणा के करनाल में नमस्ते चौक स्थित जनता पेट्रोल पंप के पास एक ट्रांसपोर्टर से दो नकाबपोश युवकों ने तमंचे के बल पर एक लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मौके पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई हैं। फिलहाल पुलिस बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी पुलिस द्वारा खंगाले जा रहे है।
शिवाजी कॉलोनी गप्पू वाला बाग निवासी ट्रांसपोर्टर विकास कुमार ने सेक्टर-4 पुलिस चौकी में दी शिकायत में बताया कि उसकी जनता पेट्रोल पंप के पास गुप्ता टेंपो ट्रांसपोर्ट सर्विस के नाम से ट्रांसपोर्ट है। वह रात करीब 8:15 अकेला अपने ट्रांसपोर्ट पर बैठा हुआ काम कर रहा था तो उसी समय दो नौजवान लड़के मुंह पर कपड़ा बांधे हुए उसके ट्रांसपोर्ट के ऑफिस में घुस गए।
जिसमें एक के हाथ में डंडा और दूसरे के हाथ में तमंचा था। उन्होंने आते ही दुकान का शटर बंद कर दिया और तमंचा उसकी कनपटी पर लगा दिया। बाद में दोनों बदमाशों ने उसे दीवार की तरफ मुंह करके खड़ा होने कहा तो वह खड़ा हो गया और बदमाशों ने उसके दोनों हाथ भी रस्सी से बांध दिए।
इसके बाद दोनों युवकों ने पहले उसकी जेब से 50 हजार रुपये निकाले और बाद में गल्ले में रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए और जाते समय उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। जिससे वह पुलिस को तुरंत फोन न कर सके। वहीं बाहर से शटर बंद कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद उसने काफी देर बाद हाथ खुल पाए और बाद में शटर खोलकर बाहर आया। जिसके बाद एक व्यक्ति का फोन से पुलिस को फोन किया।
ट्रांसपोर्टर की शिकायत के आधार मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं दुकान के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-जितेंद्र कुमार, इंचार्ज, सेक्टर-चार चौकी।