जिले में 18-19 वर्ष के 11,458 मतदाता, किसी ने ली सेल्फी तो किसी ने परिवार संग खिंचवाई फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले के युवाओं ने शनिवार को मतदान कर अपना लोकतांत्रिक फर्ज बखूबी निभाया। उन्होंने बूथों पर पहुंचकर जोश, उमंग और उत्साह से अपना पहला वोट डाला। कुछ ने वोट डालने के बाद अंगुली पर लगी अमिट स्याही दिखाते हुए सेल्फी ली तो कुछ ने परिजनों के साथ मतदान के पहले अनुभव को मतदान केंद्र से बाहर आकर मोबाइल फोन में कैद किया। पहली बार वोट डालने वाले युवा उत्साहित नजर आए।
उन्होंने कहा कि आज त्योहार जैसा महसूस हो रहा है और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाने का अनुभव बेहद सुखद है। जिले में 18-19 वर्ष तक की आयु के 11,458 मतदाता हैं। दादरी हलके में 5,737 तो बाढड़ा हलके में 5,721 युवा मतदाता हैं।
वोट डालने के बाद बोले : सुखद रहा अनुभव, मनपसंद प्रत्याशी को दिया वोट
मुझे बहुत दिनों से इस दिन का दिन का इंतजार था। विधानसभा चुनाव में मैंने पहली बार वोट दिया है। अच्छे प्रत्याशी का चयन किया है। पहली बार चुनाव में अपनी भागीदारी निभाकर मुझे काफी खुशी हुई और आगे भी इसी तरह वोट दूंगा। - नरेश कुमार, खेड़ी बूरा।
मतदान करना हर व्यक्ति का फर्ज है और हमें 18 साल की उम्र होने के बाद यह फर्ज निभाने का मौका मिलता है। मैंने रोजगार को देखते हुए उम्मीदवार का चयन किया है। योग्य प्रत्याशी जब सत्ता में आएगा तो युवा वर्ग के लिए नौकरी के द्वार खुलेंगे। - मनीषा वर्मा, खेड़ी बूरा।
सभी मतदाता अपने क्षेत्र की सुविधा की पूर्ति के लिए मतदान करते हैं। मैंने लोकतंत्र के लिए मतदान किया है। अपने परिजनों और दोस्तों को भी इसके लिए प्रेरित किया। पहला वोट डालने का अनुभव बेहद सुखद रहा। प्रयास रहेगा कि हर चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करूं। - पूनम, झोझूकलां।
मुझे पहली बार वोट डालने का मौका मिला है। इसकी मुझे काफी खुशी है। मैंने काफी विचार किया। उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने कीमती मत का उपयोग किया है। मैंने अपना मत बेकार नहीं जाने दिया और इसका उपयोग कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाई है। - तरुण शर्मा, सांवड़।
क्षेत्र के विकास के लिए मतदान करना मेरा लक्ष्य हमेशा रहा। फिलहाल यह क्षेत्र विकास के मामले में अन्य जिलों से पिछड़ा है। मेरा मकसद यही रहा कि मैं अपने मत का सदुपयोग कर सुयोग्य उम्मीदवार का चयन करूं और मैंने यही किया है। - कर्ण, सांवड़।
मूलभूत सुविधाओं के लिए मतदान कर अपने क्षेत्र की उन्नति में सहयोग किया है। अगर मैं मतदान नहीं करता तो मेरा मत बेकार जाता और मैं भी मतदान से वंचित रहता लेकिन मुझे मतदान का इंतजार था। इसलिए सुबह सात बजे ही मैंने अपना मत डाल दिया। - गौरव, सांवड़।
मैं सुबह आठ बजे मतदान केंद्र पर अपने परिजनों के साथ मतदान प्रक्रिया में शामिल हुआ। पहली बार मतदान करने का मेरा अनुभव सुखद रहा। मैंने अपने क्षेत्र की समस्या के समाधान को ध्यान रखकर ही वोट डाला है। इस बार मुझे विधानसभा में जाने मौका मिला, मुझे इसकी भी खुशी है। - सागर, माईखुर्द।
लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मैंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। लोकतंत्र में हर मतदाता की भागीदारी होनी चाहिए। मुझे अपने कोचिंग से अवकाश मिला और मैंने इसका सदुपयोग कर शनिवार को मतदान किया है। - पवन कुमार, खेड़ी बूरा।
फोटो-03
नरेश कुमार। संवाद
फोटो-04
मनीषा वर्मा। संवाद
फोटो-05
पूनम। संवाद
फोटो-06
तरुण शर्मा। संवाद
फोटो-07
कर्ण। संवाद
फोटो-08
गौरव। संवाद
फोटो 09
सागर। संवाद
फोटो 10
पवन। संवाद