चरखी दादरी। गांव बिगोवा व बांस के बीच हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव बिगोवा निवासी धर्मेंद्र गांव के ही राजकुमार के साथ बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से गांव बांस जा रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब आठ बजे गांव बिगोवा निवासी 44 वर्षीय धर्मेंद्र अपने दोस्त 40 वर्षीय राजकुमार के साथ किसी कार्य से गांव बांस जा रहे थे। जब दोनों गांव मोरवाला व बांस रोड पर पहुंचे तो मोड पर एक बाइक खड़ी थी। राजकुमार बाइक चला रहा था। बाइक दिखाई नहीं देने के कारण मोड पर खड़ी बाइक से टकरा गई। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल चरखी दादरी पहुंचाया। चिकित्सकों ने 44 वर्षीय धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजकुमार को गंभीर हालात होने के कारण प्राथमिक उपचार देने के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने रविवार को मृतक के पिता प्रीतम के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। धर्मेंद्र अविवाहित था तथा मेहनत मजदूरी का काम करता था।