चरखी दादरी। मुख्यमंत्री नायब सैनी की घोषणा के अनुरूप प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं के लिए नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत उन्हें होम-स्टे की निशुल्क ट्रेनिंग दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना और उन्हें अपने घरों के कमरों को गेस्ट हाउस के रूप में किराये पर देकर अतिरिक्त आमदनी अर्जित करने में सक्षम बनाना है। योजना युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग व सरकार के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से क्रियान्वित किया जा रहा है।
उपायुक्त मुनीश शर्मा ने बताया कि पहले यह योजना केवल पंचकूला, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों के युवाओं के लिए लागू थी, लेकिन अब इसे पूरे हरियाणा के 15 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए विस्तारित किया गया है। इच्छुक युवा 6 जून तक जिला नोडल (मुख्य) आईटीआई आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क होगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा अपने घरों में उपलब्ध अतिरिक्त कमरों का उपयोग होम-स्टे सुविधा के रूप में कर सकेंगे। आवेदन प्रपत्र और नियम व शर्तें विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
आत्मनिर्भर युवा-आत्मनिर्भर हरियाणा का विजन होगा सार्थक
उपायुक्त शर्मा ने बताया कि योजना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विजन आत्मनिर्भर युवा-आत्मनिर्भर हरियाणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने राज्य के युवाओं से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।