चरखी दादरी। अटेला कलां के समीप रविवार को एक बाइक ट्रक से टकरा गई जिसमें बिरही कलां निवासी युवक की मौत हो गई जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। इतना ही नहीं हादसे के बाद पीछे आ रही दूसरी बाइक का भी संतुलन बिगड़ गया और इस पर सवार मृतक युवक की मां भी घायल हो गई। अटेला कलां चौकी पुलिस ने मृतक के मौसेरे भाई की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अटेला निवासी अनीश (18) रविवार सुबह अपनी बहन अनीशा के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी मौसी के पास बेरला जा रहा था। वहीं, उसकी मौसी का बेटा मनीष और मां सुनीता पीछे दूसरी बाइक पर सवार थे। अनीश जब अटेला अड्डे के समीप पहुंचा तो एक चालक ने ट्रक बैक करते हुए अनीश की बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में अनीश की मौत हो गई जबकि उसकी बहन अनीशा गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, अनीश के पीछे चल रहे मनीष को भी बचाव में बाइक के ब्रेक लगाने पड़े और इसी प्रयास में वो भी संतुलन खो बैठा। बाइक सड़क पर गिरने से इस पर सवार मृतक अनीश की मां सुनीता भी घायल हो गई। इसके तुरंत बाद राहगीरों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचित किया। गंभीर रूप से घायल अनीशा और उसकी मां सुनीता को उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल लाया गया जहां से अनीशा को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। अटेला कलां चौकी पुलिस ने मृतक अनीश का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और उसके मौसेरे भाई मनीष के बयान दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
- 12वीं पास करने के बाद बीटेक में दाखिला लेने की तैयारी कर रहा था अनीश
अनीश के पिता सेना से रिटायर्ड हैं और इसी वर्ष अनीश ने बारहवीं कक्षा पास की थी। हाल ही में घाेषित परीक्षा परिणाम में अनीश ने 65 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और वो बीटेक में दाखिला लेने की तैयारी कर रहा था। अनीश इकलौता बेटा था जबकि उसकी दो बहनें हैं।
इस संबंध में ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रविवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद पुलिस ने शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
धर्मेंद्र, हेड कांस्टेबल एवं जांच अधिकारी, अटेला कलां चौकी