चरखी दादरी/झोझूकलां। शीशवाला- बादल रोड पर सोमवार देर रात अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत को गई। युवक की पहचान झोझूकलां निवासी रवि (22) के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह पुलिस ने शव का दादरी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मृतक के भाई रजनीश के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ धारा 279 व 304 ए के तहत केस दर्ज कर लिया है।
मृतक के भाई रजनीश ने पुलिस को बताया कि वो छह भाई-बहन थें। तीनों भाइयों में रवि मंझला था और वो अविवाहित था। वह पेशे से चालक था। सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे उसका भाई काम पर जाने के लिए घर से निकला था। उसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसके भाई को टक्कर मार दी। हादसे में लगी चोटों के कारण उसके भाई की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया। देर रात ही मृतक का शव पुलिस ने सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। मंगलवार सुबह पुलिस ने कागजी कार्रवाई कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया।
घर से बाइक पर गया था रवि
मृतक के छोटे भाई गौतम ने बताया कि रवि गाड़ी चालक था। इसके साथ वह डीजे की बुकिंग भी करता था। सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे उसका भाई घर से शीशवाला के लिए बाइक पर निकला था लेकिन जब उन्हें इस हादसे के बारे में पता चला तो वहां पर उसकी बाइक नहीं थी। पूछताछ करने पर पता चला कि तेल खत्म होने पर रवि अपनी बाइक को गांव में खड़ी करके चला गया था।
दोस्त की तबीयत खराब हुई तो जाना पड़ा काम पर
मृतक के परिजनों ने बताया कि रवि सुबह अपने घर से जाता और शाम को काम करने के बाद वापस अपने घर आ जाता था। लेकिन सोमवार को उसके साथी की तबीयत खराब होने के कारण वह रात को काम करने के लिए जा रहा था, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया।
दादरी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई रजनीश के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी का पकड़ लिया जाएगा।
सुरेंद्र दांगी, जांच अधिकारी एवं एएसआई, झोझूकलां थाना।