चरखी दादरी। एनएच 334-बी पर गांव बिरहीकलां के समीप तेज रफ्तार वाहन ने राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में 24 वर्षीय जेवली निवासी विकास की मौत हो गई। पुलिस ने दादरी नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के बयान अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह गांव बिरहीकलां व बरसाना के बीच नेशनल हाईवे 334 बी पर हादसा हुआ। आरोपी चालक मौके से वाहन समेत भाग निकला।
राहगीरों ने घटना की जानकारी डायल 112 पर दी, जिसके बाद ईआरवी व सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चरखी दादरी के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया। वहां कागजी कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
दो बहनों का इकलौता भाई था विकास : ग्रामीणों ने बताया कि विकास के पिता राजकुमार खेती करते हैं। वह भी उनके काम में हाथ बंटाता था। ग्रामीण रामकुमार ने बताया कि विकास दो बहनों का इकलौता भाई था। दोनों बहनें उससे बड़ी हैं। संवाद