पैंतावास कलां निवासी युवक के परिजनों ने रुपये देने वालों पर लगाया आरोप
पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव पैंतावास के खेत में युवक के मुंह में जबरन जहर डाला गया। इससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने युवक को रुपये देने वालों पर ये आरोप लगाए हैं। सदर थाना पुलिस ने मृतक राहुल (25) का पोस्टमार्टम शुक्रवार दोपहर सिविल अस्पताल में कराया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि वीरवार को इकलौता बेटा राहुल किसी काम से गांव में गया था। सुबह करीब 11:30 बजे गांव के लोगों ने उन्हें सूचना दी कि राहुल खेत में उल्टी कर रहा है। परिजन उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे। यहां पर चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। वीरवार को पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों ने बताया कि राहुल पहले दादरी में किसी दुकान पर मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था। पांच दिन पहले ही उसने पूर्ण मार्केट में अपनी नई दुकान खोली थी। इसके लिए उसने अपने परिचितों से कुछ रुपये लिए थे। अब वे उस पर रुपये लौटाने का दबाव बना रहे थे। राहुल के घर की आर्थिक परिस्थिति कमजोर है। बिना कमाई के वह रुपये लौटाने में असमर्थ था।
परिजनों का आरोप है कि वीरवार को उक्त देनदारों ने ही रुपयों के दबाव के चलते उसे अगवा किया और गांव के खेत में ले जाकर जबरदस्ती उसके मुंह में जहर डाला। जब उसकी हालत खराब हुई तो आरोपी मौके से चले गए। राहुल को उल्टी करते देख आसपास के लोगों ने संभाला और उसके परिजनों को सूचित किया।
- परिजनों का छिना सहारा
राहुल घर का इकलौता चिराग था। उसकी बहन कविता विवाहित है। अब परिजनों का सहारा व कमाई का जरिया भी छिन गया है। उसकी माता व पिता दोनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
वर्सन:
युवक के परिजनों के बयान पर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-धीरज कुमार, डीएसपी, हेडक्वार्टर
फोटो- 04
राहुल फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
फोटो- 05
नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम होने का इंतजार करते राहुल के परिजन। संवाद