बौंदकलां। बौंदकलां खंड के गांव बास से स्पेशल स्टाफ टीम ने एक युवक को अवैध हथियार रखने पर गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस को एक देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ बौंदकलां पुलिस थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम स्पेशल स्टाफ दादरी पुलिस टीम गांव मोरवाला बस स्टैंड मौजूद थी। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक नौजवान व्यक्ति गांव बास से माजरा (डी) जाने वाले टी-प्वाईंट पर अवैध हथियार लिए खड़ा है और किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी और वहां पर संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े एक युवक को काबू कर लिया।
पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान झज्जर जिला के गांव दूबलधन निवासी प्रदीप उर्फ नाशी के रूप में बताई। इसके बाद टीम ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास से एक देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने लाइसेंस मांगा तो आरोपी दिखाने में असमर्थ रहा। इसके बाद टीम ने अवैध हथियार जब्त कर लिए और आरोपी हिरासत में लेकर बौंदकलां पुलिस के हवाले कर दिया।