शहर निवासी एक युवक को हथियार के साथ फेसबुक पर लाइव आना महंगा पड़ गया। इसका पता चलते ही स्पेशल स्टाफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को नप कार्यालय के पीछे लगे सर्कस के मेन गेट से गिरफ्तार किया गया है। उसकी पहचान वार्ड-नौ स्थित सैनीपुरा मोहल्ला निवासी राहुल उर्फ काला के रूप में हुई है। उसके पास से पिस्टल व दो कारतूस बरामद हुए हैं। सिटी थाने में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सैनीपुरा निवासी राहुल उर्फ काला अवैध हथियार रखता है। उसने फेसबुक पर लाइव आकर हथियार के साथ पोस्ट डाली है। इस समय वह हथियार लिए हुए है और बस स्टैंड के पिछली तरफ सर्कस देखने गया हुआ है। मुखबिरी के आधार पर एएसआई मक्खन सिंह के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ टीम वहां पहुंची। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने नाम राहुल उर्फ काला बताया और उसकी तलाशी लेने पर एक पिस्टल बरामद हुई। इसकी मैगजीन निकाल चेक की गई तो उसमें दो कारतूस मिले। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ सिटी थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।