चरखी दादरी। जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने स्थानीय एचएसवीपी सेक्टर के समीप से एक युवक को अवैध रूप से शराब ले जाते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
दादरी सीआईए स्टाफ टीम शनिवार को महेंद्रगढ़ चौक के समीप गश्त कर रही थी। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक युवक अवैध रूप से शराब बेचने का काम करता है और वर्तमान में वह पैदल ही गांव कलियाणा की तरफ से सेक्टरों से होते हुए वाल्मीकि नगर में जाएगा। इस पर पुलिस टीम तुरंत सूचना के अनुसार बताए गए स्थान पर पहुंची। वहीं टीम को एक युवक आता दिखाई दिया और उसके कंधे पर प्लास्टिक का एक बैग था। टीम को देखकर वह वापस भागने लगा लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया।
इस दौरान तलाशी लेने पर बैग से देसी शराब की 18 बोतलें बरामद हुईं। युवक उक्त शराब के संबंध में लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी वाल्मीकि नगर का रहने वाला सागर था। दादरी सिटी थाना पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।