चरखी दादरी। सीआईए स्टाफ की टीम ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव जयश्री के बस क्यू शेल्टर से एक युवक को देसी पिस्तौल व दो कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।
आरोपी गांव सांजरवास का रहने वाला दीपांशु है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बौंदकलां में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार के अनुसार 21 अक्तूबर को सीआईए स्टाफ की टीम हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, सिपाही दिनेश और चालक हेड कांस्टेबल नरेंद्र सहित सरकारी वाहन में गश्त कर रही थी। टीम बस अड्डा कमोद के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव सांजरवास निवासी दीपांशु अवैध हथियार लेकर गांव जयश्री के बस क्यू शेल्टर पर खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बताए गए हुलिये का एक युवक दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक गांव जयश्री की ओर जाने लगा लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान दीपांशु निवासी सांजरवास के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने हथियार व कारतूस कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी. के निर्देशन में जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।