बौंदकलां। रानीला गांव में सरसों न कटवाने पर बड़े भाई ने छोटे पर लोहे के पाइप से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में रानीला निवासी सुभाष ने बताया कि 23 मार्च को सुबह करीब 9:30 बजे वह घर में खाना खा रहा था। उसी दौरान उसका भाई मनजीत खेत से आया और बिना कोई बात किए लोहे का पाइप उठाकर उसके हाथ और पैर पर चोट मार दी। पिटाई का कारण पूछने पर मनजीत ने सुभाष का सरसों न कटवाना बताया।
सुभाष ने बताया कि उसने बाहर भागकर अपना बचाव किया। इसके बाद गांव निवासी कृष्ण ने उसे सीएचसी में भर्ती करवाया और वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। सूचना मिलने पर पीजीआई रोहतक पहुंची अचीना ताल चौकी पुलिस टीम ने वहां उपचाराधीन घायल सुभाष के बयान दर्ज किए।
घर के बाहर से बाइक चोरी, केस दर्ज
बौंदकलां। कस्बा निवासी एक व्यक्ति की बाइक चोरी हो गई। बौंदकलां निवासी सोमबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 मार्च को उसने अपने मकान के बाहर बाइक खड़ी की थी। रात करीब डेढ़ बजे जब वह बाहर आया तो उसे बाइक नहीं मिली। सोमबीर ने बताया कि उसने अपने स्तर पर बाइक और चोर का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहा। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत देकर बाइक बरामदगी की गुहार लगाई। अब बौंदकलां थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऐसी घटनाओं पर लोगों ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की धरपकड़ कर चोरी गई बाइक बरामद करवाने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।