गांव बिगोवा में जमीन विवाद में दो पक्षों में कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी और चाकू से हमला कर दिया। हमले में 20 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हो गईं। घायल को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। हमले की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
वहीं एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर फिंगर प्रिंट लिए हैं। सदर थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने रोहतक पीजीआई में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
मामले के अनुसार शुक्रवार सुबह गांव बिगोवा में पुराने जमीन विवाद को दो पक्षों मेें कहासुनी हो गई। इस दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष के कुछ लोग लाठी व चाकू लेकर आए और दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। हमले में आरोपियों ने 20 वर्षीय सचिन पर चाकू से वार किए, जिससे उसे गहरी चोटें आईं और कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। हमले में सचिन की मां यशवंती और बुआ बाला घायल हो गईं, जिनको नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। बताया जाता है कि सचिन की मां झगड़े के दौरान उसे छुड़वाने आई थी, इसी बीच आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर डीएसपी जोगेंद्र सिंह व सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगबीर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उन पर चाकू और लाठियों से हमला कर दिया। दोनों पक्षों में कई दिनों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। दोनों पक्ष एक ही परिवार से एक ही दादा की संतान हैं। मृतक सचिन खेतीबाड़ी करता था और अविवाहित था। सचिन का एक भाई और है। पुलिस ने मृतक के पिता विपिन की शिकायत आरोपी रमेश कुमार, शीला पत्नी रमेश कुमार, मोहित पुत्र रमेश कुमार, अंकित पुत्र रमेश कुमार व सतीश पुत्र धारे के खिलाफ धारा 148,149, 302 व 506 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है। शव का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआई में करवा दिया है।
वर्जन
परिवार में जमीन विवाद को लेकर यह वारदात हुई है। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है।
- जोगेंद्र सिंह, डीएसपी, चरखी दादरी