भिवानी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए कागजी कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : CharkhiDadri
जुई-बाढड़ा रोड पर गांव गोपी के पास शुक्रवार सुबह एक बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। लेघा गांव निवासी घायल महिला को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। बाढड़ा थाना पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल घायल महिला के पुलिस बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं।
जानकारी के अनुसार गांव लेघा निवासी पिंकी अपनी बेटी अंतिम के साथ मायके जेवली आई हुई थी। सुबह वह बेटी के साथ जेवली से वापस अपने गांव लेघा जाने के लिए चली थी। मां-बेटी बाइक पर सवार थीं और जब वे गोपी गांव के समीप पहुंचीं तो उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं और राहगीर उपचार के लिए उन्हें कस्बे के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां से उन्हें भिवानी सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। पिंकी की हालत गंभीर होने के चलते उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जबकि डॉक्टर ने उसकी बेटी अंतिम को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पाकर बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाढड़ा थाना प्रभारी राम अवतार ने बताया कि अभी घायल महिला के बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। उन्होंने बताया कि मृतका अंतिम का भिवानी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।