चरखी दादरी। अब कोई भी मतदाता अपना वोटर आईडी कार्ड घर बैठे ही ऑनलाइन डाउनलोड कर सकता है। इसके लिए निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने ई-ईपीआईसी की सुविधा दी है। अगर मतदाता की वोटर आईडी कहीं खो गई है या फिर वह वोटर कार्ड की डिजिटल कॉपी सहेज कर रखना चाहता है तो वोटर हेल्पलाइन एप या फिर ईसीआई की वेबसाइट voters.eci.gov.in से अपना वोटर कार्ड आसानी से मोबाइल फोन या कंप्यूटर पर डाउनलोड किया जा सकता है। डिजिटल वोटर कार्ड ई-ईपीआईसी को डिजिलॉकर में अपलोड कर इसे छपवाया भी जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि ई-ईपीआईसी वोटर कार्ड असली वोटर आईडी कार्ड का एक नॉन-एडिटेबल पीडीएफ वर्जन है। वोटर आईडी के पीडीएफ वर्जन को भी पहचान पत्र के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
जिले के नए वोटर राष्ट्रीय मतदाता पोर्टल eci.gov.in पर विजिट कर वोटर कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं जबकि नए उपयोगकर्ता को पहले इस पोर्टल में अपना नाम पंजीकृत करना होगा। ई-ईपीआईसी डाउनलोड करने के विकल्प पर क्लिक करने के बाद ई-ईपीआईसी नंबर या फॉर्म रेफरेंस नंबर दर्ज करें। मतदाता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आया ओटीपी दर्ज करने के बाद ई-ईपीआईसी डाउनलोड का विकल्प दिखेगा।