चरखी दादरी। शहर के बाबा स्वामी दयाल धाम पर शुक्रवार को सर्वजातीय फौगाट खाप की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 20 मई तक प्रतिदिन एक सामाजिक संगठन से 11 लोग दिल्ली जाकर धरने पर बैठे पहलवानों का हौसला बढ़ाएंगे। 21 मई को जंतर-मंतर की मीटिंग पर जो फैसला होगा वो यहां लागू किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता दादरी फौगाट खाप के जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह ने की।
इस मौके पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने अपना समर्थन भी दिया। सभी ने बैठक में काली पट्टी बांधकर सरकार के प्रति विरोध भी जताया।बलवंत सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसी जाति विशेष का हवाला देकर कार्रवाई नहीं कर रही है और इस आंदोलन को खत्म करना चाहती है। जबकि पहलवान बेटियां पूरे देश की बेटियां हैं। विदेशों में खेलते समय जाति विशेष से नहीं बल्कि पूरे देश का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने कहा कि अब उन बेटियों के समर्थन में 36 बिरादरियों को उतरना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने दो कानून बनाए हुए हैं। एक कानून तो आम आदमी के लिए जो मामला दर्ज होते ही जेल में डाल देती है। दूसरा कानून ब्रजभूषण जैसे बाहुबलियों के लिए जिनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट लगाए जाने के बाद भी गिरफ्तार नहीं किया जाता।
21 के बाद होगी आरपार की लड़ाई
इस मौके बलवंत सिंह ने कहा कि 7 मई को जंतर-मंतर पर मीटिंग हुई थी वहां पर 31 पहलवानों की कमेटी बनाई हुई है। उस कमेटी ने मीटिंग में सरकार को 20 मई तक समय दिया है। अगर तब तक सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की तो 21 मई को कमेटी जो निर्णय लेगी वो पूरे जिले में लागू किया जाएगा। इसके बाद चाहे उन्हें पटरी पर बैठना पड़े, धरना प्रदर्शन या रोड जाम करना पड़े तो वो करेंगे। इस मौके पर व्यापार मंडल जय भगवान मस्ताना, वाल्मीकि समाज से पार्षद विनोद वाल्मीकि, दलित समाज से पार्षद धर्मबीर चौहान, अग्रवाल सभा से संरक्षक रविंद्र गुप्ता, पूर्व जीएम धनराज कुंडू सहित अन्य समाज के लोगों ने बैठक में अपना समर्थन दिया।
सामाजिक संगठनों की लगाई जाएंगी ड्यूटियां
बलवंत सिंह ने कहा कि सभी समाज के लोग अपने संगठनों की मीटिंग बुलाकर इस बारे में अवगत करवाए तथा उनके समर्थन में दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कहा कि 20 तक सरकार को समय दिया गया है, तब तक प्रत्येक सामाजिक संगठन तथा गांवों से ड्यूटी लगाई जाएगी। हर दिन एक सामाजिक संगठन से 11 लोग जाकर उनका हौसला बढाएंगे। यह संगठनों को बता दिया जाएगा किस दिन कौन से समाज को दिल्ली जाना है।