संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव इमलोटा निवासी पहलवान सुजीत कलकल ओलंपिक ट्रायल जीतने के बाद 19 से 21 अप्रैल तक किर्गिस्तान में होने वाले ओलंपिक क्वालिफाई चैंपियनशिप के लिए भारत से उड़ान भरेगा। इसमें स्वर्ण पदक जीतना ही सुजीत कलकल का मुख्य लक्ष्य है। अगर सुजीत अपना पिछला प्रदर्शन जारी रखने में कामयाब रहा तो फिर ओलंपिक कोटा मिलने से उसके सपनों को पंख लगेंगे। इतना ही नहीं क्वालिफाई चैंपियनशिप के जरिये सुजीत अपने कॅरिअर का 12वां पदक भी जीतेंगे।
गत माह ओलंपिक क्वालिफाई के लिए सोनीपत के भालगढ़ स्थित साई सेंटर में ट्रायल आयोजित किए गए थे। इसमें सुजीत कलकल ने कुश्ती के जाने-माने खिलाड़ी व बजरंग पूनिया को हराने वाले रोहित को मात दी थी। सुजीत अब तक कुल 11 पदक जीत चुके हैं।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चार स्वर्ण व एक रजत पदक और राष्ट्रीय स्तर पर पांच स्वर्ण व एक रजत पदक हासिल किए हैं। सुजीत अपने पिता कोच दयानंद कलकल से कुश्ती के दांव सीखे हैं। उनके पिता भी पहलवान रह चुके हैं और फिलहाल आर्मी से रिटायर होकर साई सेंटर में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। सुजीत के पिता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक भी पदक हासिल नहीं कर पाए, लेकिन अब सुजीत उनके इस सपने को पंख लगा रहा है।
65 किलोग्राम भारवर्ग में पेश करेंगे चुनौती
सुजीत किर्गिस्तान में 65 किलोग्राम भारवर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेगा। फिलहाल वे अपने पिता के पास लक्ष्य को पाने के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं। सुजीत को पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा है और कुश्ती प्रेमियों को उससे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
ये हैं सुजीत की उपलब्धियां
-2022 में आयोजित एशियन अंडर-20 चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक।
- 2022 में आयोजित एशियन अंडर-23 चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक।
- 2022 में आयोजित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण पदक।
- 2022 में आयोजित जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक।
- 2021 में आयोजित जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में रजत पदक।