चरखी दादरी। बाढड़ा कस्बा के दादरी रोड स्थित एक गाड़ियों की वर्कशॉप में शनिवार सुबह शॉर्ट-सर्किट के चलते आग लग गई। आग की लपटें दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। करीब साढ़े चार घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक वर्कशॉप में खड़ी तीन गाड़ियां और लाखों की मशीनों समेत अन्य सामान आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार मांढी हरिया निवासी प्रवीन बाढड़ा के दादरी रोड पर जांगड़ा वर्कशॉप चलाता है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब चार बजे वर्कशॉप में आग लगी। इसका पता चलते ही मामले की सूचना पुलिस, दमकल विभाग और वर्कशॉप मालिक को दी गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
इस पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां दादरी से और एक गाड़ी भिवानी से मंगवाई गई। करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। करीब साढ़े आठ बजे आग बुझाने के बाद दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस टीम लौटी गई।
- दमकल विभाग की एक गाड़ी हुई खराब
आग बुझाने पहुंची दमकल विभाग की चार गाड़ियां में के एक खराब हो गई। एक गाड़ी खराब होने से आग बुझाने में दिक्कतें आईं। बताया जा रहा है कि जो गाड़ी खराब हुई है वो बाढड़ा दमकल विभाग की है। इस गाड़ी के भरोसे 53 गांवों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है।
- एसडीएम भी पहुंचे मौके पर
आग बुझने के बाद बाढड़ा एसडीएम विरेंद्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने वर्कशॉप संचालक से नुकसान को लेकर बातचीत की। एसडीएम ने जली हुई गाड़ियों समेत मशीनों और स्पेयर पार्ट्स का जायजा लिया। वर्कशॉप संचालक ने एसडीएम को बताया कि घटना में उसे करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
राज्य मंत्री ने वर्कशॉप मालिक को दिया जांच का आश्वासन
श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप सिंह धानक ने भी वर्कशॉप का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वर्कशाॅप मालिक व व्यापारियों की मांग अनुसार सरकार से हरसंभव मदद करवाने का भरोसा दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप सिंटी व प्रवीण जांगड़ा ने कहा कि आग के कारण वर्कशॉप संचालक को काफी नुकसान हुआ है। श्रम मंत्री ने सारे मामले की जांच करवाकर पीड़ित के नुकसान की भरपाई करवाने का आश्वासन दिया।