देवसर निवासी एक श्रमिक की वीरवार शाम रानीला गांव में 11 हजार केवी लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक गांव में हाईटेंशन लाइन के नीचे शादी का टेंट लगा रहा था। शुक्रवार सुबह अचीना ताल चौकी पुलिस ने सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। इस संबंध में पुलिस ने मृतक के चाचा के बयान पर लापरवाही से काम कराने के आरोप में टेंट मालिक समेत दो लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
रानीला गांव में शुक्रवार को एक लड़की की शादी होनी थी। वीरवार दोपहर बाद खेत में टेंट लगाने का कार्य शुरू किया गया था। देवसर निवासी जगजीत बतौर श्रमिक टेंट लगाने आया था। शाम करीब पांच बजे जब वह टेंट लगाने के लिए लोहे के पाइप लगवाने में मदद कर रहा था, तो ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन तार से लोहे का पाइप छू गया। इससे जगजीत को करंट लगा और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।
वहां मौजूद लोगों ने उसे संभाला और उपचार के लिए उसे निकटवर्ती अस्पताल ले गए। इसके बाद उसे सिविल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही अचीना ताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। जांच अधिकारी एएसआई विकास कुमार ने बताया कि मृतक के चाचा नरेश ने पुलिस बयान में टेंट मालिक देवसर निवासी सुरेंद्र उर्फ शेट्ठी व सांवड़ निवासी नरेश पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। मृतक के चाचा का कहना है कि हाईटेंशन तार के नीचे पाइप लगवाना गलत था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पर केस दर्ज किया है।