फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: लोनिवि की 230 करोड़ की परियोजनाओं पर अब शुरू होगा काम

Fri, 07 Jun 2024 03:00 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। आचार संहिता हटने के बाद अब जिले में विकास कार्य रफ्तार पकड़ेंगे। इस माह के अंत तक लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारी करीब 230 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया को पूरा करवाएंगे। इनमें शहर के रोहतक रोड फाटक पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) समेत दादरी-रोहतक और दादरी-कनीना मुख्य जिला मार्ग (एमडीआर) निर्माण समेत 20 संपर्क मार्गाें का निर्माण कार्य शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रोजाना एक लाख से अधिक वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
विज्ञापन

शहर और जिले की बड़ी परियोजनाओं का मसौदा लोनिवि अधिकारी पहले ही तैयार कर चुके हैं। इसके बाद संपर्क मार्गाें समेत एक एमडीआर के पुनर्निर्माण की निविदा प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी, लेकिन कार्यादेश जारी नहीं हो पाए थे। इस कारण एजेंसी इन परियोजनाओं पर काम शुरू नहीं कर पाई। अब आचार संहिता हट चुकी है।
ऐसे में अधिकारियों का प्रयास है कि बड़ी विकास परियोजनाओं को जल्द पूरे करा लोगों को परेशानियों से निजात दिलाई जाए। इन परियोजनाओं का काम छह माह से एक साल तक पूरा होने की उम्मीद है। लोग लंबे समय से इन विकास परियोजनाओं पर काम शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
विज्ञापन


किस परियोजना पर आएगी कितनी लागत
परियोजना : 1- रोहतक मार्ग के फाटक पर 77.82 करोड़ रुपये से बनेगा आरओबी
रोहतक मार्ग के फाटक पर स्वीकृत रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने का काम चुनाव आचार संहिता (एमसीसी) हटने के बाद अब शुरू हो सकेगा। करीब डेढ़ दशक पुरानी यह मांग पूरी करने पर लोनिवि करीब 77.82 कराेड़ रुपये खर्च करेगा। एमसीसी से पहले ही सरकार से बजट की स्वीकृति मिल चुकी है। करीब 1,200 मीटर लंबा यह आरओबी फोरलेन बनना है। इसके बाद वाहन चालकों को 24 घंटे में 40 बार फाटक बंद होने पर रेलगाड़ी के इंतजार में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा।

परियोजना:2- जिले के 28 संपर्क मार्गाें की दशा सुधरेगी, 41 करोड़ रुपये खर्च होंगे
जिले के संपर्क मार्गाें की दशा सुधारने के लिए लोनिवि ने एमसीसी से पहले टेंडर आमंत्रित किए थे, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। अब विभाग इन सड़कों के पुनर्निर्माण के कार्यादेश जल्द जारी करेगा। इनमें गांव झोझूकलां से रामलवास, चांदवास से नीमड़, नीमड़ से कांहड़ा, लाड से धनासरी वाया नांधा, ढाणी फौगाट-पातुवास से महराणा, हंसावास से किष्किंधा, घसौला से बलकरा, जावा-बीजणा पहुंच मार्ग, जावा पहुंच मार्ग, दूधवा से बहु वाया चिड़िया, मांढ़ी हरिया से बेरला, दंगड़ोली से कांहड़ा सड़क शामिल हैं।

परियोजना:3- चिड़िया मार्ग 50 करोड़ से बनेगा, अब जारी होंगे कार्यादेश
लोनिवि की ओर से दादरी-कनीना मुख्यमार्ग का पुनर्निर्माण करवाया जाएगा। इस कार्य पर करीब 50 करोड़ रुपये लागत आएगी। इसकी निविदा प्रक्रिया एमसीसी लागू होने से पहले ही पूरी हो चुकी है जबकि कार्यादेश जारी नहीं हो पाया था। इस कारण एजेंसी काम शुरू नहीं कर पाई थी। अब विभागीय अधिकारी इस मार्ग के पुनर्निर्माण के कार्यादेश जल्द जारी कर देंगे। ये एमडीआर रामनगर तक फोरलेन बनना है। रोजाना करीब 10,000 वाहन चालकों को इस परियोजना का लाभ मिलेगा।

परियोजना:4- रोहतक रोड पुनर्निर्माण का आगणन दोबारा होगा तैयार
लोनिवि की ओर से रोहतक रोड का भी पुनर्निर्माण करवाया जाना है। हालांकि अब इसका दोबारा आगणन तैयार किया जाएगा। पहले इस पर करीब 70 करोड़ रुपय का बजट खर्च होना था और मार्ग फोरलेन बनना था। वहीं, पौधरोपण के लिए जगह का पेच फंसने के कारण अब इस मार्ग पहले की तर्ज पर ही दोबारा बनाया जाएगा। अब इसका आगणन करीब 50 से 55 करोड़ रुपये का तैयार होगा जो मुख्यालय भेजा जाएगा। मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू करवाया जाएगा।



एमसीसी हटने के बाद विकास कार्य रफ्तार पकड़ेंगे। इस माह के अंत तक लोनिवि अधिकारी करीब 230 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया को पूरा करवाएंगे। इनमें शहर के रोहतक रोड फाटक पर आरओबी निर्माण समेत दादरी-रोहतक और दादरी-कनीना एमडीआर निर्माण समेत 20 संपर्क मार्गाें का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रोजाना हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी। - अश्विनी भारद्वाज, अधिशासी अभियंता, लोनिवि, चरखी दादरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें