चरखी दादरी में बदला गया सीवर लाइन का ढक्कन।
चरखी दादरी। बरसात में कई जगह जलभराव होता है। ऐसे में शहर के सभी वार्डों और बाजारों में सीवर लाइन के करीब 90 से अधिक ढक्कन से हादसे का खतरा है। इसलिए जनस्वास्थ्य विभाग ने सीवर मैनहोल के सभी ढक्कन ठीक करने का काम शुरू कर दिया है।
शहर के वार्डों और बाजारों में सीवर के ढक्कन टूटे या धंसे हैं। कई जगह सीवर ढक्कन का लेवल सड़क से काफी ऊपर तो कहीं नीचे हैं, जिनसे दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। बरसात में सड़कों एवं गलियों में जलभराव होने की वजह से मैनहोल दिखाई नहीं देते। इस कारण कई बार लोग खुले मैनहोल में गिर कर जख्मी हो जाते हैं। मेन बाजारों समेत कई कॉलोनियों की गलियों में भी ढक्कन धंसे हैं।
पूर्ण मार्केट के प्रधान संदीप फौगाट का कहना है कि बारिश सीजन से पहले सभी सीवर ढक्कन ठीक होना जरूरी है क्योंकि जलभराव होने पर कई बार स्कूली बच्चे भी सीवर में गिर जाते हैं। दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है।
ढक्कन बदलने का काम किया शुरू : बीके जावला
जनस्वास्थ्य विभाग के जेई बीके जावला ने बताया कि अब विभाग ने नए ढक्कन लगाने का काम शुरू कर दिया है। यह काम जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है। बारिश सीजन से पहले सभी ढक्कन ठीक कर दिए जाएंगे। सभी टूटे ढक्कन भी बदले जा रहे हैं। लोगों को समस्या नहीं आने दी जाएगी।