ढाणी रेलवे आरओबी के पास उखाड़ी गई सड़क।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। ढाणी फोगाट रेलवे फाटक से कॉलेज रोड की ओर जाने वाली मुख्य सड़क को तीन महीने पहले पाइप लाइन बिछाने के नाम पर उखाड़ा गया था, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। इससे पूरा दिन सड़क पर धूल के गुब्बार उड़ते रहते हैं और वहीं उबड़-खाबड़ सड़क के बीच बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।
स्थानीय दुकानदारों ने जिला प्रशासन से कार्य पूरा नहीं होने तक पानी का छिड़काव करवाने की मांग की हैं, ताकि दुकानदारों और राहगीरों को राहत की सांस मिल सके। गौरतलब है कि शहर की सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगभग तीन महीने पहले जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से तिकोना पार्क पंपिंग स्टेशन से एसटीपी तक सड़क उखाड़कर पाइप लाइन बिछाई गई थी।
ताकि शहर के दूषित पानी को एसटीपी तक पहुंचाया जा सके। तीन माह गुजर जाने के बाद भी सड़क का पुनर्निर्माण कार्य नहीं करवाया गया है। दुकानदारों ने बताया कि आए दिन दुपहिया वाहन चालक यहां गिरकर घायल हो रहे हैं, वहीं सड़क से लगातार मिट्टी और धूल उड़ने से उनके कारोबार कम हो गया है। उन्होंने बताया कि सड़क को ठीक करवाने के लिए कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया हैं, लेकिन दो माह की अवधि गुजर जाने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से सड़क पर पानी का छिड़काव करवाने की मांग की है, ताकि समय रहते सांस व दमा जैसी बीमारियों को पनपने से रोका जा सके।