रेणु के पोस्टमार्टम के लिए कागजी कार्रवाई करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
चार साल पहले मंदोली निवासी एक युवक से प्रेम विवाह करने वाली गुरुग्राम निवासी महिला ने पति की प्रताड़ना से तंग आकर फंदा लगा लिया। युवती का शव रविवार दोपहर खेत में एक पेड़ पर लगे फंदे पर लटका मिला। आदमपुर चौकी पुलिस ने सोमवार सुबह मृतका का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजूबर करने का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में गुरुग्राम के अमनपुरा के वार्ड-12 निवासी अवदेश शर्मा ने बताया कि वो फर्नीचर का कारोबार करते हैं। उनकी बड़ी रेणु (23) ने मंदोली निवासी अमित के साथ 2015 में प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों मंदोली गांव रहने लगे थे। मृतका के पिता ने बताया कि कुछ समय बाद वो दोनों गुरुग्राम आकर रहने लगे। वहां वे दो साल तक रहे और इस दौरान रेणु को एक बेटी भी हुई। इसके बाद वे वापस मंदोली गांव आ गए। अवदेश शर्मा ने बताया कि अमित गुरुग्राम में नौकरी करता था और इसी दौरान उसकी रेणु से मुलाकात हुई थी।
मृतका के पिता ने बताया कि मंदोली आने के बाद अमित उसकी बेटी के साथ मारपीट करने लगा। बात-बात पर वह उसे प्रताड़ित करता रहता था और तलाक देने की धमकी देने लगा था। उन्होंने बताया कि रविवार शाम उन्हें सूचना मिली कि रेणु ने खेत में फंदा लगा लिया है। सूचना पाकर दादरी सिविल अस्पताल पहुंचे तो रेणु की मौत हो चुकी थी। आदमपुर चौकी प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना मिली कि मंदोली गांव मेें एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। भीम सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुरुग्राम में रह रहे मृतका के मायके पक्ष के लोगों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर पति के खिलाफ प्रताड़ना का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक माह पहले मायके रहकर आई थी रेणु
मृतका के पिता अवदेश शर्मा ने बताया कि उसकी बेटी रेणु करीब एक माह पहले उनके यहां गुरुग्राम आई थी। उस दौरान रेणु करीब एक सप्ताह वहां रुकी थी और उस दौरान उसने अपनी मां को बताया था कि उसकी पति उसे तलाक देने की धमकी देता है। इसके अलावा उससे मारपीट करता है। अवदेश ने बताया कि रेणु के दो वर्ष की बेटी भी है।
आदमपुर पुलिस चौकी प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच करेगी और तथ्यों के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी।