रणकोली टी-प्वाइंट के समीप जीप सवार शराब तस्करों ने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। हालांकि नाकेबंदी कर पुलिस ने जीप को पकड़कर उसमें बैठे दो शराब तस्करों को अंग्रेजी और देसी शराब की 20 पेटियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ बौंदकलां थाने में केस दर्ज किया गया है। दो दिन पहले शराब तस्करों ने सीआईए टीम पर कार चढ़ाने का प्रयास किया था। इसमें एक आरोपी रोहतक का और दूसरा झज्जर का रहने वाला है।
वीरवारको दादरी चंडीगढ़ मार्ग पर चांदूदास गेट रणकोली टी प्वाइंट पर पुलिस टीम एसआई हरीश कुमार की अगुवाई में नाका लगाए थी। इसी दौरान सांकरोड की तरफ से एक जीप आती दिखाई दी। एसआई ने जीप को रुकने का इशारा किया लेकिन जीप चालक ने वाहन को और स्पीड दे दी। यहीं नहीं तेज स्पीड में जीप भगाते हुए उसने पुलिस कर्मचारियों की तरफ कट मारकर भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस टीम ने पीछा कर जीप को रोककर चालक को काबू कर लिया। जीप चालक की पहचान वीरेंद्र कुमार निवासी गांव पिलाना जिला रोहतक के रूप में हुई। जीप में सवार दूसरे युवक की पहचान झज्जर जिले के गांव गुडा निवासी उपेंद्र के रुप में हुई। पुलिस को जीप से 16 पेटी अंग्रेजी शराब और चार पेटी देसी शराब बरामद हुई। पुलिस द्वारा शराब का लाइसेंस मांगने पर कोई कागजात पेश नहीं कर सके। पुलिस ने एसआई हरीश कुमार की शिकायत पर वीरेंद्र और उपेंद्र उर्फ नूपे के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 336 व आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।