गांव भांडवा के खेत में जली गेहूं की फसल।
- फोटो : 1
बाढड़ा। गांव भांडवा में वीरवार रात शॉर्ट-शर्किट के कारण आग लगने से करीब ढ़ाई एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग से खेत में रखा ड्रिप सिंचाई सिस्टम भी क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित किसान ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। जानकारी के अनुसार किसान संजय के खेत में अचानक आग धधक उठी। देखते ही देखते आग ने गेहूं की खड़ी फसल को चपेट में ले लिया। उठते धुएं और लपटों को देखकर आसपास के लोगों ने किसान संजय को सूचना दी। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक ढाई एकड़ गेहूं की फसल जल चुकी थी। आग से अमरूद के पौधे भी झुलस गए। फायर ब्रिगेड की टीम भी सूचना मिलते पर मौके पर पहुंची किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
कान्हड़ा में पशु बाड़े में आग लगने से सामान जलकर राख
गांव कान्हड़ा में किसान धर्मपाल के पशुबाड़े में वीरवार रात करीब आठ बजे अचानक आग लग गई। उस समय किसान खेत में गेहूं निकालने गया हुआ था। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि पशु बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग की चपेट में आकर वहां रखी वाशिंग मशीन, इंवर्टर, पाइप सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सरपंच लीला राम और ग्रामीण रघुवीर ने बताया कि समय रहते ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है।