फोटो-04 शवगृह के बाहर शव लेने का इंतजार करते वेल्डर के परिजन। संवाद
- गांव संतोखपुरा में हुई घटना, टिन शेड लगाते समय 11 हजार वोल्ट की लाइन के संपर्क में आया सरिया
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव संतोखपुरा में 11 हजार वोल्ट की बिजली की लाइन के संपर्क में आने से एक वेल्डर की मौत हो गई जबकि पास खड़े दो व्यक्ति झुलस गए। मृतक की पहचान गोठड़ा निवासी (31) राजेश के रूप में हुई है। राजेश के छोटे भाई के बयान पर सदर थाना पुलिस ने इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजेश वेल्डर था। गांवों में जाकर बिजली का कार्य करता था। शनिवार को वह गांव संतोखपुरा में कार्य करने के लिए आया था। यहां पर खेत में एक शेड का निर्माण किया जा रहा था। इस दौरान राजेश सरिया लगाने लगा तो वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन के संपर्क में आ गया।
इसके बाद राजेश चिपक गया और पास खड़े तेजू व एक अन्य युवक भी इसकी चपेट में आकर झुलस गए। वहां लोगों ने उसे तारों से अलग करने की कोशिश की। तब तक राजेश बुरी तरह झुलस चुका था। बाद में ग्रामीण उसे लेकर दादरी नागरिक अस्पताल में पहुंचे और परिजनों को सूचित किए। यहां पर चिकित्सकों ने उसकी जांच कर मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद एचसी हरिओम ने कागजी प्रक्रिया पूरी की। मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। राजेश शादीशुदा था। उसकी एक सात माह की बच्ची है।