फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वेलकम वैक्सीन : जिले में पहुंचीं 3360 डोज, तीन की जगह दो केंद्रों पर ही होगा टीकाकरण

विज्ञापन
वैक्सीन का बॉक्स लेकर जाते स्वास्थ्यकर्मी। - फोटो : CharkhiDadri
विज्ञापन
कोरोनाकाल की सबसे शुभ घड़ी... वीरवार शाम जिला स्वास्थ्य विभाग के पास कोविशील्ड वैक्सीन की पहली खेप पहुंची। जिले में वैक्सीन की 3360 डोज भेजी गई हैं, जिन्हें करीब 1500 स्वास्थ्यकर्मियों को लगाया जाएगा। वैक्सीन की खेप पहुंचते ही डीसी राजेश जोगपाल भी सिविल अस्पताल पहुंचे और उन्होंने वैक्सीन सुरक्षित रखने की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
विज्ञापन

दादरी में 16 से कोरोना टीकाकरण की शुरुआत होगी। इसके लिए वीरवार को पुलिस सुरक्षा के बीच हिसार से कोविशील्ड वैक्सीन की पहली खेप लाई गई। वैक्सीन की 3360 डोज को वैक्सीन स्टोर में रखवा दिया गया है। जिले में टीकाकरण के पहले चरण में 2739 स्वास्थ्यकर्मियों को कवर किया जाएगा। सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि टीकाकरण की योजना में फेरबदल किया गया है। इस संबंध में सरकार ने हिदायत जारी की थी। उन्होंने बताया कि पहले दादरी सिविल अस्पताल के अलावा बाढड़ा और बलकरा पीएचसी पर टीकाकरण किया जाना था, लेकिन अब बलकरा को हटाया गया है। 16 जनवरी को दादरी सिविल अस्पताल और बाढड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ही स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों केंद्रों पर एक दिन में 100-100 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी। उन्होंने बताया कि टीकाकरण की आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एक वायल में पांच एमएल वैक्सीन, दस कर्मी होंगे कवर
वैक्सीनेशन नोडल अधिकारी आशीष मान ने बताया कि एक वायल में पांच एमएल वैक्सीन है, जिसमें दस स्वास्थ्यकर्मियों को कवर किया जाएगा। प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी को 0.5 एमएल डोज दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 3360 डोज में करीब 1500 स्वास्थ्यकर्मी कवर किए जाएंगे और उन्हें दो डोज दी जाएंगी। रविवार और छुट्टी के दिन टीकाकरण नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन

ये है वैक्सीन सुरक्षित रखने की व्यवस्था
कोरोना वैक्सीन रखने के लिए हाल ही में तीन आईएलआर पहुंचे हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग के पास पांच आईएलआर पहले थे। इसके अलावा तीन नए डीप फ्रिजर विभाग को मिले हैं, जबकि तीन पहले से थे। आईएलआर और डीप फ्रिजर में दो से आठ डिग्री तापमान के बीच वैक्सीन को रखा जाएगा। वैक्सीन स्टोर में तापमान लॉगर भी लगे हैं जो तापमान में बढ़ोतरी या गिरावट आते ही अलर्ट कर देंगे।
28 दिन बाद दी जाएगी दूसरी डोज, सर्टिफिकेट भी मिलेगा
डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष मान ने बताया कि पहली डोज के 28 दिन बाद वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कोविशील्ड वैक्सीन सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा तैयार की है और पिछले एक सप्ताह से यूनाइटेड किंग्डम के स्वास्थ्यकर्मियों पर इसका ट्रायल भी चल रहा है। उन्होंने बताया कि पहले प्रदेश में 107 वैक्सीनेशन केंद्र बनाए गए थे, लेकिन अब इनकी संख्या 72 कर दी गई है। उन्होंने बताया कि दूसरी डोज लगने के बाद एक सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।
दो सप्ताह में पूरा होगा पहला चरण
जिले में पहले चरण में 2739 सरकारी और गैर सरकारी स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी। विभाग ने अब तीन की जगह दो वैक्सीनेशन प्वाइंट बनाए हैं। इन दोनों प्वाइंटों पर एक दिन में 200 कर्मचारियों को कवर किया जाएगा। ऐसे में कोरोना वैक्सीन का पहला चरण जिले में दो सप्ताह में पूरा होने की उम्मीद है।
वैक्सीनेशन स्टोर और केंद्र पर 24 घंटे तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
सिविल अस्पताल के वैक्सीनेशन स्टोर में पहली खेप रखवा दी गई है। वैक्सीन की सुरक्षा के लिए यहां तीन पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जो तीन शिफ्टों में अपनी ड्यूटी देंगे। डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष मान ने बताया कि दोनों वैक्सीनेशन प्वाइंट पर भी तीन-तीन पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
सीएमओ सुदर्शन पंवार से सीधी बातचीत
सवाल: जिले में वैक्सीन की पहली खेप पहुंच गई है, आगे क्या तैयारियां हैं?
जवाब: वैक्सीन की 3360 डोज हमें प्राप्त हो गई हैं। 16 को जिले में दो जगह टीकाकरण किया जाएगा।
सवाल: वैक्सीन की सुरक्षा को लेकर क्या इंतजाम हैं?
जवाब: वैक्सीन सुरक्षित रखने के हमारे पास पर्याप्त संसाधन हैं। पुलिसकर्मी भी सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
सवाल: 3360 डोज में कितने स्वास्थ्यकर्मी कवर किए जाएंगे?
जवाब: एक स्वास्थ्यकर्मी को 28 दिन के अंतराल में दो डोज दी जाएंगी और पहली खेप में 1500 कर्मी कवर होंगे।
सवाल: क्या वैक्सीन लगवाना अनिवार्य है?
जवाब: वैक्सीन सुरक्षा के लिहाज से ही तैयार की गई है। हालांकि इसे लगवाना अनिवार्य नहीं है।

वैक्सीन आने पर रिबन काटते डीसी राजेश जोगपाल।- फोटो : CharkhiDadri

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें