दादरी स्पेशल स्टाफ की गिरफ्त में अवैध हथियार सप्लायर। स्रोत : विभाग
2 नवंबर 2024 को अवैध हथियार और कारतूस के साथ पकड़े गए थे कबीर नगर निवासी तीन युवक, पूछताछ में एक ने सप्लायर के नाम का किया था खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। कबीर नगर निवासी युवक को अवैध हथियार देने वाले सप्लायर को दादरी स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फहीम उर्फ बाबा उर्फ लंगड़ा उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के गांव मवाना का रहने वाला है। उसे पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से भिवानी जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि स्पेशल स्टाफ टीम-2 नवंबर 2024 को अपराध की रोकथाम के लिए महेंद्रगढ़ चौक पर मुस्तैद थी। उसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि कबीर नगर निवासी साहिल, हर्ष और विशाल अपने पास अवैध हथियार लिए हुए हैं। वे गामड़ी रोड पर सेक्टर के पास बने श्मशान घाट वाले रास्ते पर खड़े हैं। सूचना पाकर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों को काबू कर लिया।
साहिल की जेब से एक देसी पिस्टल, हर्ष की जेब से दो कारतूस और एक छुरीनुमा हथियार व विशाल की जेब से दो कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ के दौरान आरोपी साहिल ने मेरठ निवासी सप्लायर के नाम का खुलासा किया था। अब स्पेशल स्टाफ ने उसे भी दबोच लिया है।