चरखी दादरी/बाढड़ा। चौधरी देवीलाल ने अपनी कलम से बुढ़ापा पेंशन शुरू की थी। हम उनके ही वंशज हैं और किसी भी कीमत पर बुढ़ापा पेंशन को बंद नहीं होने देंगे। यह बात अपने ग्रामीण दौरे के दौरान बाढड़ा विधायक नैना सिंह चौटाला ने ग्रामीणों के बीच कही। उन्होंने मंगलवार को बाढड़ा हलके के गांव ऊण, रूदडौल, दगड़ौली, कान्हड़ा, रामबास और गोकल का दौरा किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने विकास संबंधी मांग पत्र विधायक नैना चौटाला को सौंपे। नैना चौटाला ने कहा कि बाढड़ा हलके के विकास के लिए मेरे प्रयास लगातार जारी हैं। गांवों की सामूहिक समस्याओं और मांगों को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार के पास बजट की कोई कमी नहीं है। आगामी दो वर्ष में हलके के विकास को ओर अधिक गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर बाढड़ा हलका विकास के दृष्टिकोण से प्रदेश भर में अव्वल स्थान पर काबिज होगा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जो भी उनकी समस्याएं हैं, उनका निवारण किया जाएगा।
इस अवसर पर राजेंद्र सिंह लितानी, शीला भ्याण, जिला प्रधान नरेश द्वारका, एसडीएम संजय सिंह, तहसीलदार बंसीलाल, सूरत सिंह, बीडीपीओ सुभाष शर्मा, रोशनलाल श्योराण, एसडीओ सुरेश श्योराण, एसडीओ श्यामलाल, ऋषिपाल उमरवास, राजेंद्र हुई आदि मौजूद रहे।